उत्तराखण्ड मे सड़क हादसे रुकने का मान नहीं ले रहे हैं। अभी पिछले हफ्ते ही हैड़ाखान रोड पर उत्तराखंड के प्रख्यात लोक गायक पप्पू कार्की की सड़क हादसे मे आकस्मिक मृत्यु हो गयी थी, और कल भी उत्तराखण्ड मे अलग अलग स्थानों पर दो दर्दनाक सड़क हादसे हुए हैं। जिसमे चार लोगों की मौत हो गयी तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आराकोट-वाल्खाखाल मोटर मार्ग पर गुरूवार रात करीब साढ़े नौ बजे खड़ीखाल गांव के पास चम्बा से खड़ीखाल जा रही स्विफ्ट कार DL 2 CU3680 आराकोट गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब ढाई सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरी। जिसमें वाहन स्वामी वीरेन्द्र सिंह रावत पुत्र भगवान सिंह रावत ग्राम मुड़यागांव हाल निवास पी 6 80 मंगोलपुरी दिल्ली और उसका दोस्त विजय कुमार पुत्र किशन उम्र 38 वर्ष निवासी 10-16 एल ब्लाक मंगोलपुरी दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में उक्त दोनों ही सवार थे। दुर्घटना की जानकारी रात को नही लग पाई। सुबह जब गांव के लोगों को घटना का पता चला तो उन्होंने थाना चम्बा पुलिस को इसकी सूचना दी। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह चैहान सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों के शव को सड़क तक लाये। जहाँ उनका पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया। मृतक वीरेन्द्र सिंह का परिवार दिल्ली में ही रहता है और वह अपने दोस्त विजय कुमार को साथ लेकर 13 जून को अपने गांव मुड़यागांव आया था। जहां से गुरूवार रात्रि को वह अपनी ससुराल खड़ीखाल जा रहा था लेकिन उससे पहले ही यह दुर्घटना घट गई। प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह चैहान ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को इसकी सूचना दी गई है। परिजनों के आने पर शव उनको सौंप दिये जायेंगे। वहीँ दूसरी घटना विकासखंड रिखणीखाल, पौड़ी गढ़वाल की है, जहाँ दिल्ली से बीरोंखाल जा रही एक कार रिखणीखाल ब्लॉक के चखुलियाखाल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. जिसमें पिता और पुत्री की मृत्यु हो गयी तथा कार मे सवार तीन अन्य सदस्य घायल हो गये। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रिखणीखाल लाया गया। जहां दो की गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार लाया गया है।  पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार सुबह कार चखुलियाखाल से करीब दो सौ मीटर आगे जाकर गहरी खाई में गिर गयी है। घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की जानकारी पर रिखणीखाल थानाध्यक्ष सुनील रावत पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने रेसक्यू अभियान चलाकर घायलों को निकाला और उन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लाये। थानाध्यक्ष सुनील रावत ने जानकारी दी कि 48 वर्षीय मृतक देवेन्द्र कुमार सुयाल से मिली आईडी के आधार पर उनकी पहचान हो सकी कहा कि दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार हुए सभी लोग विकासखंड बीरोंखाल के ग्राम पीपलासैण में होने वाली पूजा में शामिल होने जा रहे थे। राजस्व निरीक्षक धीरज ने बताया कि घटना में 16 वर्षीय कनक पुत्री देवेन्द्र की भी मृत्यु हो गयी। जानकारी के अनुसार दुर्घटना में घायल विकास खंड बीरोंखाल पीपलासैण निवासी पलक सुयाल, मीनाक्षी सुयाल पत्नी देवेन्द्र  सुयाल व गैरसैण चमोली निवासी सुनील को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रिखणीखाल में उपचार के लिए भर्ती किया। वही चिकित्सकों ने गम्भीर घायल को कोटद्वार रेफर कर दिया जबकि पलक सुयाल का उपचार यही पर किया जा रहा है। मीनाक्षी सुयाल व सुनील को आपातकालीन सेवा वाहन 108 से राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने मीनाक्षी की गंभीर हालत को देखते हुये उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया।