leopard kill minor girl in srinagar

Leopard killed Girl in Srinagar Area: पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर क्षेत्र से बेहद दुखद खबर आई है। यहाँ नजदीकी ढिकाल गांव में गुलदार ने घर के आंगन में पहुंचकर 5 साल की बच्ची को अपना निवाला बना दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं बच्ची की मौते के बाद लोगों में वन विभाग के खिलाफ खासा आक्रोश है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है।

घटना आज सुबह करीब 11 बजे की है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 11 बजे एक 5 साल की बच्ची स्कूल से आ रही थी। बच्ची की दादी उसका हाथ पकड़कर घर के अंदर ले जा रही थी। इसीबीच घात लगाये बैठा गुलदार अचानक झपटा मारकर दादी के हाथ से बच्ची को छीनकर ले गया। आसपास के लोगों द्वारा शोर मचाने पर गुलदार बच्ची को खेतों में छोड़कर भाग गया। तब तक लोग बच्ची के पास पहुंचे उसके प्राण निकल चुके थे। मृतिका बच्ची का नाम आइशा पुत्री गणेश नेगी बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में गुलदार आए दिन दिखाई दे रहा था। गुलदार को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों में गुलदार की दहशत बनी हुई है। घटना के बाद वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए चार टीमों का गठन कर दिया है।

पाबौ क्षेत्र में गुलदार के हमले में महिला घायल

पाबौ क्षेत्र से भी गुलदार के हमले की एक खबर आई है। दमदेवल रेंज के पाबौ के सन्यु मरखोला गांव की एक महिला को गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ लाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक सन्यु मरखोला गांव की सतेश्वरी देवी सुबह घर से कुछ ही दूरी पर घास काटने गई थी। इसी बीच घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। आसपास मौजूद अन्य महिला के शोर मचाने के बाद गुलदार वहां से भाग निकला। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद पाबौ लाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।