leopard-attack-woman

पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल के के नैनीडांडा ब्लॉक में एक महिला का जंगल में अधखाया शव मिलने से हड़कंप मच गया है। महिला का अधखाया शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक नैनीडांडा ब्लॉक के गुणिया गांव में मंगलवार को बिगारी देवी (46) पत्नी स्व. सुरजीत सिंह दिन में गांव से करीब आधा किमी दूर खेतों में घास काटने गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोज शुरू की और वन विभाग और राजस्व प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई। दोनों टीमों ने रात करीब साढ़े नौ बजे महिला का अधखाया शव जंगल से बरामद किया।

घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने गुलदार या बाघ को नरभक्षी घोषित करने की मांग उठाई है। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ स्पप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि अंधेरा होने के बावजूद महिला का शव झाडि़यों से देर रात निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई है। उन्होंने कहा कि हमलावर जानवर गुलदार हो सकता है। यह कार्बेट से सटा इलाका है, इसलिए बाघ होने की भी आशंका है। जांच की जा रही है। डीएफओ ने बताया कि कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। महिला के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी हो गई है। वन विभाग ने क्षेत्र में टीम भी तैनात कर दी है।