पौड़ी गढ़वाल: 80वें स्वतंत्रता दिवस एवं ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर जिला न्यायालय पौड़ी गढ़वाल में आयोजित समारोह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता फैलाने और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ग्रामीण पत्रकार के नाम से विख्यात जगमोहन डांगी को माननीय जिला जज महोदय द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जगमोहन डांगी को यह सम्मान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कानून संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने, जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता से जोड़ने तथा न्याय दिलाने की दिशा में किए गए उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जगमोहन डांगी ने कहा, “यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि उन सभी ग्रामीणों का है जिनकी आवाज़ मैं वर्षों से उठाता आ रहा हूँ। मेरा प्रयास आगे भी रहेगा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानून की जानकारी पहुंचे और हर जरूरतमंद को न्याय मिल सके।”
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जगमोहन डांगी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक एवं जनहित कार्यों की सराहना की।



