पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों जंगली जानवरों द्वारा इंसानों पर हमले की घटनाएं लगातार बढती जा रही हैं। ताजी घटना पौड़ी गढ़वाल की है। जिला मुख्यालय पौड़ी के नजदीकी गांव बमठी में आज सुबह घास काटने गई एक 62 वर्षीय महिला को गुलदार ने मार डाला। घटना आज सुबह करीब 8 बजे की है।

जानकारी के मुताबिक बमठी गांव निवासी सीता देवी (उम्र 62 वर्ष) आज सुबह करीब 8 बजे घर के पास ही खेतों में घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार उन्हें घसीटकर जंगल की ओर ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खोजबीन कर महिला का शव बरामद किया। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार घटनाओं के बावजूद वन विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है, आए दिन गुलदार गांव के आसपास दिखाई देता है। पहले भी कई बार वन विभाग को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की लापरवाही के चलते एक निर्दोष महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने साफ तौर पर प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी है कि जब तक आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक वे महिला के शव को मौके से उठाने नहीं देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है और लगातार हो रही घटनाओं से उनका जीवन संकट में पड़ गया है।