देहरादून: उत्तराखंड में निकाय चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया गया है। सरकार ने 84 निकायों में आरक्षण तय कर दिया है। इसके साथ ही उत्तराखंड में निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गर्इ है। इसी के साथ प्रदेशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। प्रदेश में 84 निकायों में 18 नवंबर को मतदान होगा। इस बार उत्तराखंड में निकाय चुनाव में वोटिंग बैलेट पेपर से होंगी। मतदान प्रक्रिया 18 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगी। जबकि 20 नवंबर को मतगणना की जाएगी और उसी दिन चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

कुल 92 निकायों में से 84 निकायों में ही चुनाव होंगे।  उल्लेखनीय है कि तीन निकायों (रुड़की नगर निगम, बाजपुर व श्रीनगर नगर पालिका) में आरक्षण घोषित न होने की वजह वहां चुनाव नहीं होंगे। जबकि निकाय गठन पर विवाद के चलते गंगोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ में चुनाव नहीं होते हैं। इसके अलावा  सेलाकुई और भतरौंजखान नगर पंचायतों के गठन पर ही क़ानूनी पेच फंसा हुआ है।

निकाय चुनाव का कार्यक्रम
15 अक्टूबर को चुनावों की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू।
20 से 22 अक्टूबर तक नामांकन प्रक्रिया।
27 अक्टूबर को नाम वापसी।
18 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान।
20 नवंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित।

84 नगर निकायों में 29 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित

उत्तराखण्ड में 18 नवम्वर को होने वाले 84 नगर निकाय में चुनावों में महापौर की 3 और नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद की 13-13 सीटें सहित कुल 29 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।