Max vehicle accident

सतपुली : विकासखंड द्वारीखाल के तहसील जाखणीखाल के अन्तर्गत पट्टी विचलाढांगू के ग्राम घंडालू की सरहद पर बडेथखाल तोक पर देर रात एक मैक्स बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक सहित तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। तीनों युवक ग्राम अमोला के रहने वाले थे।

उपराजस्व निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम सिलोगी बाजार से जाखणीखाल की ओर जा रही मैक्स बोलेरो वाहन ग्राम घंडालू की सरहद पर बडेथखाल तोक पर देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें सवार एक ही गांव (ग्राम अमोला पट्टी बिचला ढांगू) के निवासी चालक सतपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय मानसिंह, उम्र 33 वर्ष, राहुल सिंह बिष्ट पुत्र मातबर सिंह बिष्ट, उम्र 25 वर्ष, कलम सिंह पुत्र स्वर्गीय इंद्र सिंह, उम्र 33 वर्ष तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी।

बारिश होने के कारण दुर्घटना पता नही चल पाया। देर शाम युवकों के घर न पहुँचने पर परिजनों व ग्रामीणों द्वारा खोजबीन की गई। जिस पर रात लगभग एक बजकर तीस मिनट पर दुर्घटना का पता चल पाया। जहां तीनों युवक मृत पाए गए। इस बाबत ग्राम अमोला निवासी विनोद सिंह बिष्ट पुत्र त्रिलोक सिंह बिष्ट द्वारा राजस्व चौकी में सूचना दी गई। जिसके उपरांत राजस्व विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। वही तीनों शवों का पंचनामा कर राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेलुसैण में ही पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

ब्लाक प्रमुख द्वारीखाल महेंद्र राणा द्वारा द्वारीखाल विकासखंड में हुए इस दुखद हादसे पर दुख व्यक्त किया गया। वही उनके द्वारा जिलाधिकारी पौड़ी से पोस्टमार्टम को राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चैलूसैण में करवाने का आग्रह किया गया। जिस पर तीनों का पोस्टमार्टम चैलूसैण में ही किया गया।