Pauri police arrested the accused who abducted a minor girl from Paithani area

Pauri News: पौड़ी गढ़वाल के पैठाणी थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को भगाकर ले जाने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने किशोरी को भी सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पैठाणी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना पैठाणी क्षेत्र के स्थानीय व्यक्ति ने 21 मई को पुलिस में तहरीर देते हुए बताया कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री घर से बिना बताये कहीं चली गई है। उसकी काफी खोजबीन की लेकिन पुत्री का कहीं पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने थानाध्यक्ष को मामले में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को लेते हुए अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान लापता किशोरी की तलाश को पुलिस ने सर्विलांस की मदद भी ली।

जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अपहरणकर्ता के साथ किशोरी को बनास पुल पैठाणी के पास से सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी विवेक पंत निवासी ग्राम अंतखोली थाना पैठाणी जिला पौड़ी गढ़वाल को गिरफ्तार कर जिला सत्र न्यायालय में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस टीम में उप निरीक्षक रमेश जयाड़ा, महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, महिला मुख्य आरक्षी तुलसी कोहली, मुख्य आरक्षी सुरजीत, आरक्षी हरीश आदि शामिल थे।