Ram Shobha yatra in Dehradun: भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या नगरी में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर देश दुनिया में उत्साह का माहौल है। इस समय पूरे देश के साथ ही देवभूमि उत्तराखंड भी श्रीराम भक्ति में डूबा है। इसबीच श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव समिति द्वारा शनिवार 20 जनवरी को परेड ग्राउंड से एक भव्य ‘राम राज्य शोभायात्रा’ निकाली गयी। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य शोभायात्रा को रवाना किया और इसके बाद शहर की सड़कों पर श्रीराम के जयकारे लगाते हुए महिलाएं, बच्चे, युवा सभी निकल पड़े। युग राम राज का आया है….जय श्री राम… जय श्री राम के जयकारों की गूंज पूरे शहर में सुनाई दी। परेड ग्राउंड से शुरू हुई शोभा यात्रा घंटाघर होते हुए पलटन बाजार तक निकाली गई। इस दौरान देहरादून में रूट डायवर्ट किया गया। ताकि आम जनता को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

‘राम शोभा यात्रा’ को संबोधित करते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह दिन इतना आसानी से नहीं आया है। हम वास्तव में भाग्यशाली हैं कि हम इसे देख पाए हैं। कहा कि ये दिन त्रेतायुग के बाद द्वापरयुग आया और कलयुग के 5126 वर्षों के बाद हम उस खुशी और उत्साह को देख और अनुभव कर पाएंगे जो लोगों ने राम राज्य के दौरान महसूस किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी को आयोध्या में होने वाले भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के हम सब साक्षी बनेंगे। उन्होंने कहा देवभूमि उत्तराखंड से भगवान राम का भी विशेष नाता है। देवप्रयाग में भगवान राम को समर्पित रघुनाथ मंदिर एवं बागेश्वर जनपद में निर्मल बहती सरयू नदी है। मां सरयू का उद्गम स्थल हमारे उत्तराखंड में है एवं सरयू किनारे ही अयोध्या धाम में राम विराजमान हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामकाज में उत्तराखंड के लोग हमेशा आगे रहते हैं। राज्य सरकार द्वारा 22 तारीख को शिक्षण संस्थाओं में अवकाश घोषित करने के साथ ही सरकारी कार्यालयों में अपराहन 2:30 बजे तक अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड सरकार ने अयोध्या में उत्तराखंड सदन बनाए जाने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार से अयोध्या धाम के समीप जमीन दिए जाने का आग्रह किया था, जमीन उत्तराखंड सरकार को आवंटित हो गई है। उन्होंने कहा करीब तीन एकड़ भूमि पर उत्तराखंडवासियों के लिए भव्य उत्तराखंड सदन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत उत्तराखंड सरकार मंत्रिमंडल के साथ राम मंदिर के दर्शन के लिये अयोध्या जायेगी।