camp destroyed in yamkeshwar pauri

Landslide in Mohanchatti pauri: उत्तराखंड में इन दिनों मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने तांडव मचा रखा है। रविवार रात को ऋषिकेश से सटे पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के जोग्याणा गांव के समीप भूस्खलन से मलबे की चपेट में आने से नाइट पैराडाइज कैंप क्षेत्र जमींदोज हो गया। जानकारी के मुताबिक यमकेश्वर ब्लॉक में मोहनचट्टी के पास जोगियाणा में एक रिजॉर्ट पर भूस्खलन से मलबा गिरने से रिसोर्ट के साथ साथ उसमे ठहरे हरियाणा के एक ही परिवार के पांच लोग दब गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पौड़ी प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। इस बीच रेस्क्यू टीम ने परिवार की आठ साल की बच्ची को सकुशल बचा लिया गया। देर शाम मलबे से एक शव बरामद हो गया है। जबकि बाकी चार लोगों की खोजबीन जारी है।

लक्ष्मणझूला से 14 किमी दूर स्थित जोग्याणा गांव के रवाड़ा में नाइट पैराडाइज कैंप है। एसडीएआरएफ से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार रात क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से जोग्याणा गांव के समीप भूस्खलन हो गया। रात करीब दो बजे रवाड़ा में संचालित नाइट पैराडाइज कैंप क्षेत्र भूस्खलन की जद में आ गया। कैंपों के अंदर ठहरे कर्मचारियों और पर्यटकों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। लेकिन, एक कैंप के अंदर रुके सेक्टर-चार 1756, कुरुक्षेत्र, हरियाणा के कमल वर्मा, निशा वर्मा, उनका बेटा निशांत, निर्मित और मोंटी मलबे में दब गए। उनके साथ आठ वर्षीय कृतिका भी थी। बताया जा रहा है कि हरियाणा का यह परिवार छुट्टी मनाने के लिए रविवार शाम ही रवाड़ा में नाइट पैराडाइज कैंप पहुंचा था। कृतिका की चीख पुकार सुनकर कैंप के कर्मचारियों ने उसे समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया। मलबे में दबे एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांचवां रिश्तेदार मोंटी है। एसडीएआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार देर शाम मोंटी का शव बरामद कर लिया है। बाकी दबे चार लोगों की खोजबीन जारी है।

लापता व्यक्तियों के नाम

  1. कमल वर्मा (उम्र 39 वर्ष) हुडा सेक्टर 05 कुरुक्षेत्र हरियाणा.
  2. निशा पत्नी कमल वर्मा उम्र 37 वर्ष.
  3. निशांत वर्मा पुत्र कमल वर्मा
  4. निर्मित पुत्र कमल वर्मा उम्र 11वर्ष.

मृतक : मोंटी वर्मा उम्र 24 वर्ष.

सकुशल रेस्क्यू : कृतिका उम्र 8 वर्ष