pauri-bjp

पौड़ी: भारतीय जनता पार्टी की पौड़ी इकाई में पालिकाध्यक्ष पद के लिए टिकट आबंटन के बाद बगावत तेज होती जा रही है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी व पूर्व पालिकाध्यक्ष गणेश नेगी की बगावत के बाद विधायक प्रतिनिधि कमल रावत ने भी दूसरा रास्ता पकड़ लिया है।

पालिकाध्यक्ष पद पर भाजपा की ओर से पूर्व विधायक यशपाल बेनाम को टिकट दिये जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं में बगावत पहले से ही दिख रही थी। लेकिन अब ये बागी खुलकर सड़कों पर आ गए हैं। पार्टी ने भी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी व पूर्व पालिकाध्यक्ष गणेश नेगी को पार्टी से छः साल के लिए निष्कासित कर दिया है। केशर सिंह नेगी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में डटे अपने भांजे के साथ खड़े दिख रहे हैं तो वहीँ पूर्व पालिकाध्यक्ष गणेश नेगी ने एक दूसरे निर्दलीय को अपना आर्शीवाद दे दिया है।

विधायक प्रतिनिधि कमल रावत भी खुल कर निर्दलीय प्रत्याशी के साथ रैली में नारे लगाते दिखाई दिए। क्षेत्र पंचायत प्रमुख संतोषी देवी भी निर्दलीय प्रत्याशी के साथ जा खड़ी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार भाजपा के भीतर अभी बागियों की संख्या बढ़ सकती हैं। कई कार्यकर्ता गुपचुप दूसरे प्रत्याशियों के लिए काम कर रहे हैं। जल्द ही इनके भी खुल कर बगावत करने की संभावना बन रही है।