पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के घोषित परिणामों में विकासखंड कल्जीखाल के राजकीय इंटर कॉलेज पुरियाडांग के छात्र प्रमोद कुमार मंदोला ने हाईस्कूल परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 15वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र, विद्यालय एवं अपने परिवार का नाम रोशन किया है।
प्रमोद कुमार की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी माता श्रीमती कविता देवी आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं, जबकि पिता विधानचंद्र मंदोला एक कमर्शियल वाहन चालक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रमोद ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।
प्रमोद की बड़ी बहन काजल मंदोला हाल ही में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित हुई हैं, जिससे परिवार में गौरव का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार घुनियाल ने प्रमोद की इस सफलता पर उन्हें मेरिट सूची में स्थान पाने पर 5100 रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। यह सम्मान उन्हें आगामी प्रतिभा दिवस कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।
प्रमोद की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, घंडियाल से हुई है। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर विद्यालय संस्थापक पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष जगमोहन डांगी, विद्यालय संरक्षक आर.पी. नैथानी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष एवं एसएमसी अध्यक्ष जसवीर रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती कविता देवी, ग्राम प्रधान एवं पूर्व पीटीए अध्यक्ष अशोक रावत, वर्तमान पीटीए अध्यक्ष हिमानी भंडारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



