bjp-mayer

देहरादून: सोमवार को देहरादून से मेयर पद के लिए भाजपा के प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा के समर्थन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने दल-बल के साथ जुलुस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। जुलूस में मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक समेत कई भाजपा के कई नेता शामिल हुए। जुलूस के बाद भाजपा प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा ने मेयर पद के लिये नामांकन पत्र दाखिल किया।

सोमवार को शक्ति प्रदर्शन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा। विभिन्न वाडरे से घोषित पाषर्द प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ सुबह से ही महानगर कार्यालय में पहुंचने लगे थे। कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगने के बाद भाजपा का जुलूस महानगर कार्यालय से शुरू हुआ। एस्लेहॉल से जुलूस में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत भी शामिल हो गये जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया। भाजपा के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं का हुजूम एस्लेहहाल, घंटाघर, पल्टन बाजार, दून अस्पताल चौक होते हुए नगर निगम पहुंचा।

जुलूस में मुख्यमंत्री के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, नगर निगम चुनाव प्रभारी उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत, विधायक हरबंस कपूर, विधायक गणोश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सहदेव पुण्डीर, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल समेत भाजपा के अनेक नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर एकजुटता का संदेश दिया। इससे पूर्व सुबह भाजपा नेताओं ने जुलूस में भीड़ जुटाने के लिए ताकत लगा दी थी। कार्यकर्ताओं व समर्थकों को लाने के लिए कई क्षेत्रों में वाहनों की भी व्यवस्था की गई थी। साथ ही जुलूस के दौरान अव्यवस्थाओं से बचने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

महापौर पद व पार्षद पद के कई प्रत्याशियों ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए। मेयर पद के लिए  कांग्रेस के प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल मंगलवार को पर्चा भरेंगे।