Garhwal Rifle Jawan Mandeep Singh

जम्मू-कश्मीर से एक बार फिर से दुखद खबर आई है। देश की रक्षा करते हुए उत्तराखंड का एक और लाल शहीद हो गया है। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के सुदूरवर्ती गांव सकनोली, चौबट्टाखाल निवासी 23 वर्षीय मनदीप सिंह पुत्र सत्यपाल सिंह जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में दुश्मनों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए हैं। 11वीं गढ़वाल राइफल के शहीद सैनिक मनदीप सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ग्राम सकनोली के प्रधान मेहरबान सिंह ने बताया कि बीती रात करीब आठ बजे सेना से आए फोन के जरिए उन्हें मनदीप की शहीद हुए की जानकारी मिली। फोन पर जानकारी दी गई कि गुलमर्ग क्षेत्र में एक पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान मनदीप शहीद हो गए। ग्राम प्रधान ने बताया कि उन्होंने मनदीप के पिता सत्यपाल सिंह को घटना की जानकारी दी। बताया कि खबर सुनने के बाद से मनदीप की माता हेमंती देवी बेसुध हैं। मनदीप की शहादत की खबर से उनके गांव में मातम पसरा हुआ है। मनदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। वह पिछले साल दो माह की छुट्टी पर घर आए थे। उसी दौरान उसकी सगाई भी हुई थी। घर में मनदीप की शादी की तैयारी चल रही थी। माता, पिता कोई शुभ मुहूर्त देखकर शादी का दिन तय करने वाले थे। बेटे की मौत की खबर से पिता सत्यपाल सिंह और मां आनंदी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्राम प्रधान मेहरबान सिंह ने बताया कि मनदीप नेगी मार्च, 2018 में 11वीं गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुआ था। जनवरी, 2019 में वे प्रतिनियुक्ति पर 40 राष्ट्रीय राइफल्स में जम्मू कश्मीर ड्यूटी पर गए थे और वहां साजियान पोस्ट पर तैनात थे। बृहस्पतिवार शाम मनदीप अन्य सैनिकों के साथ ड्यूटी पर थे। आज सुबह उनके शहीद होने की खबर मिली।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उनके बलिदान को शत-शत नमन किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि। जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में मातृभूमि के प्रति अपना फर्ज निभाते हुए शहीद हुए 11वीं गढ़वाल राइफल के 23 वर्षीय, सतपुली, पौड़ी गढ़वाल के मनदीप सिंह नेगी को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि। उनका यह बलिदान नौजवानों को देश सेवा के प्रति सदा प्रेरित करता रहेगा।