वॉल्वो

हल्द्वानी: मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र मे नेशनल हाइवे-24 पर रामगंगा पुल के पास कल देर रात ढाई बजे दिल्ली से हल्द्वानी जा रही एक वॉल्वो बस एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि परिचालक समेत 13 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के मुताबिक वॉल्वो बस आनंद विहार डिपो की है जो आनंद विहार से हल्द्वानी जा रही थी। बस देर रात ढाई बजे के आस पास जैसे ही रामगंगा पुल पर पहुंची वैसे ही सड़क के बीचों बीच खड़े एक ट्रक से टकरा गई। सूचना के अनुसार ट्रक चालक खराब ट्रक बीच हाइवे पर ही छोड़कर चला गया था। अचानक बस की टक्कर से पीछे से आ रहे वाहन भी भिड गए। जिससे हाइवे पर अफरा तफरी मच गयी। यात्रियों के मुताबिक उन्हें नहीं पता कि हादसा कैसे हो गया।

लगभग आधी रात का वक्त था और वॉल्वो मे सवार सभी यात्री नींद में थे, अचानक तेज आवाज के साथ टक्कर हुई तो सभी सवारी इधर-उधर गिर गए। किसी तरह सवारी बाहर आये और पुलिस को सूचना दी गयी। इस हादसे में बस चालक विपिन कुमार रुद्रपुर निवासी की मौके पर ही मौत हो गयी। तथा परिचालक सहित 13 सवारी जख्मी हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। घायलों मे से करीब छः सवारियों को गंभीर चोटें आयीं हैं। बाद में काठगोदाम से निगम के अधिकारियों के एक दल ने यहां पहुंच कर परिचालक एवं अन्य घायलों से भेंट कर घटना की जानकारी जुटाई।

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै ने चालक की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना के लिए वॉल्वो और राज्य परिवहन निगम प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि निजी स्वार्थ के लिए वॉल्वो कंपनी एवं निगम प्रबंधन कर्मचारी और यात्रियों की जान से खेल रहे है। वॉल्वो चालकों से डबल-डबल डय़ूटी करवाई जा रही है और वाहनों का मेंटिनेंस राम भरोसे चल रहा है। यही नहीं वाल्वो बसों के कई चालकों के पास वॉल्वो चलाने के लिए  बंगलूरू से जारी होने वाला प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी नहीं है।