thunderstorm

ऊखीमठ : उत्तराखंड के तुंगनाथ-चोपता घूमने आये चार पर्यटक शनिवार को आकाशीय बिजली की चपेट आने से घायल होकर बेहोश हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद निवासी मयंक शर्मा व उसका भाई सतीश शर्मा, बुलंदशहर निवासी देवेंद्र सिंह तथा चंद्रापुरी-भटवाड़ी, जिला रुद्रप्रयाग निवासी दिनेश सिंह शनिवार को चोपता गए थे। दोपहर बाद करीब तीन बजे वे चारों चोपता से पैदल तुंगनाथ के लिए रवाना हुए। शाम लगभग साढ़े चार बजे शाम ये लोग भुगजली पहुंचे। तभी वहां मौसम खराब होने के साथ ही आसमान में बादलों की गर्जना होने लगी। इस बीच एक पर्यटक अपने मोबाइल से सेल्फी लेने लगा। तभी जोरदार आवाज के साथ आसमानी बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से चारों पर्यटक घायल हो गए। जबकि मोबाइल जलकर कोयला समान हो गया। इस घटना में बुलंदशहर निवासी देवेंद्र सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई। जबकि मयंक को हल्की चोट लगी। इस दौरान चंद्रशिला, तुंगनाथ से वापस लौट रहे कुछ पर्यटकों ने चोपता पहुंचकर व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र मैठाणी व अन्य को सूचना दी, जिस पर वे लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता से चारों पर्यटकों को चोपता लाए। साथ ही पुलिस व प्रशासन को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद ऊखीमठ से प्रभारी थानाध्यक्ष राखी बिष्ट, तहसीलदार जयवीर राम बधाणी और राजस्व उप निरीक्षक जगदंबा डिमरी और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचे। चोपता से चारों लोगों को आधे रास्ते तक निजी वाहन व बाद में 108 से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती किया गया।

जहां घायलों का इलाज किया गया। इलाज कर रहे डॉक्टर के मुताबिक एक युवक के सिर के पीछे की तरफ चोट लगने से गहरा घाव हुआ था, जिस पर पांच टांके लगे हैं। अन्य तीनों लोग पूरी तरह से सामान्य हैं।