tv-actress-mohena

हरिद्वार : रीवा की राजकुमारी एवं टीवी एक्ट्रेस मोहिना सिंह आज से उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री और आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज की बहू बन जाएगी। सतपाल महाराज के छोटे सुपुत्र सुयश रावत और स्टार प्लस के टीवी सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है में कीर्ति का किरदार निभाने वाली मोहिना सिंह आज विवाह बंधन में बंधेंगे।

इस वीआईपी विवाह समारोह के लिए हरिद्वार के बैरागी कैंप में विशाल मंडप सजाया गया है। इस शादी का हिस्सा बनने के लिए विभिन्न राज्यों से सतपाल महाराज के अनुयायियों के साथ ही विदेशों से भी मेहमान पहुंचे हैं। वधू बनने जा रही मोहिना के राजघराने से जुड़े होने के साथ ही फिल्म जगत से नाता होने के चलते हुए कई सिने कलाकारों के भी शादी में पहुंचने की उम्मीद है। बताया गया कि शाम को बारात आदि के साथ समारोह की अन्य प्रक्रिया शुरू होंगी।

कई वीवीआईपी पहुंचेंगे शाही शादी में, पुलिस अलर्ट

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और अध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज के बेटे की शादी में कई वीवीआईपी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का कार्यक्रम तय है। राज्यपाल बेबीरानी मौर्य भी शाही शादी में पहुंच सकती हैं। इसके अलावा कई प्रदेशों के राज्यपालों के भी शादी में पहुंचने की चर्चा है। इसे देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई है। अपने बड़े बेटे की शादी भी सतपाल महाराज ने इसी स्थल पर की थी।