Home उत्तराखण्ड शौर्य चक्र विजेता शहीद मनीष पटवाल की 14वीं पुण्य स्मृति पर पूर्व...

शौर्य चक्र विजेता शहीद मनीष पटवाल की 14वीं पुण्य स्मृति पर पूर्व सैनिकों व ग्रामीणों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पौड़ी गढ़वाल: शौर्य चक्र विजेता शहीद मनीष पटवाल की 14वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर सोमवार को घंडियाल स्थित सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय परिसर में शहीदी दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं तथा शहीद के परिजनों ने वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय परिसर “शहीद मनीष पटवाल अमर रहें” तथा “जब तक सूरज-चांद रहेगा, मनीष तेरा नाम रहेगा” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। उपस्थित सभी लोगों ने शहीद के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर शहीद के माता-पिता शांति देवी एवं जगमोहन सिंह पटवाल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक संगठन पौड़ी के जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पिछले छह वर्षों से संगठन को शहीद मनीष पटवाल की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिल रहा है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शहीद मनीष पटवाल ने कम उम्र में अपने जूनियर साथियों की जान बचाने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने शहीद और उनके माता-पिता को नमन करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन मनमोहन सिंह रावत सहित ग्राम प्रधान घंडियाल अनीता रावत, ग्राम प्रधान गढ़कोट संगीता देवी, ग्राम प्रधान अशोक रावत, युवा संगठन समिति घंडियाल तथा पूर्व सैनिक संगठन घंडियाल के सदस्यों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और अपने कार्यक्रमों के माध्यम से शहीद मनीष पटवाल के शौर्य एवं बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम में कैप्टन अतुल नेगी, सूबेदार सुरेश नेगी, हवलदार राकेश रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के प्रतिनिधि हवलदार संजय रावत, हवलदार पदम सिंह, हवलदार एमएस कंडवाल, हवलदार राजेंद्र प्रसाद बगासी, सेवानिवृत्त पुलिस उपनिरीक्षक विनोद नेगी, महिला मंगल दल अध्यक्ष गायत्री देवी पटवाल, युवा संगठन समिति अध्यक्ष अजय, व्यापार मंडल घंडियाल अध्यक्ष संजय रावत, विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप रावत, समिति संरक्षक आरपी नैथानी, मीडिया संयोजक जगमोहन डांगी, सामाजिक कार्यकर्ता जसवीर रावत, नेहरू युवा केंद्र के ब्लॉक प्रभारी सूरज रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहीद के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम प्रधान थापला राकेश कुमार ने किया।

जगमोहन डांगी