पौड़ी: उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम् द्वारा आयोजित अष्टादश राज्यस्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता में जनपद पौड़ी के ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय, भुवनेश्वरी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, विकासखंड और पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, संस्कृत भाषा के प्रति समर्पण एवं कठिन परिश्रम के दम पर राज्य स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
23 एवं 24 अक्टूबर को महाजन भवन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने कनिष्ठ वर्ग की नाटक प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र तेजस बडोनी ने कनिष्ठ वर्ग की आशुभाषण प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने तेजस बडोनी को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में मार्गदर्शक दल शिक्षकों डॉ. नवीन ममगाईं, डॉ. अनूप कुकरेती एवं डॉ. ईशान डोभाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उनके निर्देशन में छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर डॉ. नवीन ममगाईं ने कहा कि विद्यालय के वरिष्ठ गुरुजी नवीन जुयाल एवं प्रधानाचार्य अनसूया प्रसाद के कुशल मार्गदर्शन में शिक्षक एवं विद्यार्थी निरंतर मेहनत करते हैं। इसी का परिणाम है कि विद्यालय के छात्र लगातार विभिन्न राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र जुयाल सहित समस्त शिक्षकगण ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और परिश्रम के बल पर विद्यालय, विकासखंड एवं जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन करेंगे।
जगमोहन डांगी

















