kedarnath-highway-accident

देहरादून: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद से एक दर्दनाक हादसे की खबर आ रही है। जानकारी के मुताबिक रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात को पहाड़ी से गिरे बोल्डर और मलबे की चपेट में आने से वहां से गुजर रही एक कार और दो बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 8 यात्रियों के मरने की खबर है जबकि 2 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों द्वारा हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ टीम ने गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को खाई से निकाल एंबुलेंस हेल्पलाइन 108 की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग पहुंचाया। जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को जनपद रूद्रप्रयाग-गौरीकुण्ड केदारनाथ मार्ग पर फाटा के निकट चंडिकाधार में भूस्खलन से बोल्डर की चपेट में आकर कार करीब 400 मीटर गहरी खाई में समा गई। इसके अलावा इस हादसे में दो मोटरसाईकिलों पर सवार 5 यात्रियों की मौत की खबर है, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू दल लापता यात्रियों की खोजबीन में जुटा हुआ है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को जनपद रूद्रप्रयाग-गौरीकुण्ड केदारनाथ मार्ग पर फाटा के निकट चंडिकाधार में भूस्खलन होने से हुई वाहन दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रूपये की सहायता मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिए जाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के भी निर्देश दिये हैं।