leopard-killes-5-year-old-boy

देहरादून: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद के अन्तरगत तहसील बिरगोली के सौंलीगैर गांव में घर के आँगन में खेल रहे एक 5 साल के मासूम को तेंदुए ने निवाला बना लिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गंगोलीहाट के न्यायपंचायत पोखरी के बिरगोली ग्राम सभा के सौंलीगैर गांव में रविवार शाम करीब 5 बजे गजेन्द्र सिंह खाती का 5 साल का बेटा मयंक अपने घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इस बीच घात लगाये बैठे तेंदुए ने मयंक पर अचानक झपट्टा मारा और उसे घसीटते हुए घर से दूर जंगल की ओर चला गया। बच्चे की चीख सुनकर उसके घर वाले एवं आसपास के ग्रामीण बाहर निकले तो देखा कि तेंदुआ बच्चे को उठाकर ले जा रहा है। लोग शोरगुल कराते हुए तेंदुए के पीछे दौड़े। लोगों के शोर शराबे के बाद तेंदुआ घटना स्थल से करीब 150 मीटर दूर बच्चे के शव को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना राजस्व विभाग और वन विभाग को दी गई। जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुँच गई है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत है।