Home उत्तराखण्ड मिनी गढ़ देवा 2026 में खिर्सू ब्लॉक बना ओवरऑल चैंपियन, विजेता ख़िलाड़ी...

मिनी गढ़ देवा 2026 में खिर्सू ब्लॉक बना ओवरऑल चैंपियन, विजेता ख़िलाड़ी अब देहरादून में दिखाएंगे दम

मिनी गढ़देवा 2026: श्रीनगर गढ़वाल के श्रीकोट गंगनाली स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में आयोजित जनपद स्तरीय शरदकालीन/शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘मिनी गढ़देवा-2026’ का शुक्रवार को उत्साह और खेल भावना के माहौल में सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विकासखंडों के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। समग्र प्रदर्शन के आधार पर खिर्सू विकासखंड ने 102 अंकों के साथ ओवरऑल चैम्पियनशिप पर कब्जा जमाया। यमकेश्वर ने 87 अंकों के साथ उपविजेता तथा पौड़ी ने 62 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

व्यक्तिगत चैम्पियनशिप में सव जूनियर बालक वर्ग में दिव्य भारत पब्लिक स्कूल, गंगा भोगपुर (यमकेश्वर) के विजय ने 100 मीटर एवं 600 मीटर दौड़ में प्रथम तथा लंबी कूद में द्वितीय स्थान हासिल कर चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया। प्राथमिक बालिका वर्ग में सरस्वती बाल निकेतन, नैनीडांडा की शानवी थपलियाल ने 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़ में प्रथम तथा लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सव जूनियर बालिका वर्ग में राजकीय जूनियर हाईस्कूल, खोलाचौरी की राधिका ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम, 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैम्पियनशिप अपने नाम की।

प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर महेश गिरि ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के कमल उप्रेती, प्रदीप रावत, ललित मोहन बिष्ट, जितेन्द्र राय, नवीन नेगी, संजय टम्टा, जयकृत भण्डारी, विवेक कपरवाण, दुर्गेश बर्थवाल, मनीष कोठियाल, विपिन रागड़, मातबर चौहान एवं प्रवीन नेगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आयोजन में मुकेश काला, रोहित देवराणी, नवीन धारीवाल, प्रकाश रावत, चंद्रमोहन सिंह बिष्ट, बृजमोहन मेवाड़, शंकरमणि थपलियाल, मुकेश बहुगुणा एवं संगीता फरासी सहित अनेक सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज जुगराण एवं उनकी टीम तथा उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, पौड़ी के अध्यक्ष भगत भण्डारी एवं उनकी टीम की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी अत्रेय सयाना ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष और सफलता का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

आयोजक एवं संयोजक खण्ड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत ने मिनी गढ़देवा 2026 के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए सभी अध्यापकों, टीम प्रभारियों, खेल समन्वयकों, प्रतिभागी बच्चों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, समर्पण और सकारात्मक सहभागिता से ही प्रतियोगिता सफल हो सकी।

प्रतियोगिता के आयोजन में मंगलम फाउंडेशन श्रीनगर गढ़वाल का विशेष सहयोग रहा। संस्था की ओर से श्रीमती रश्मि बिष्ट, जितेन्द्र राय, जय दयाल चौहान, रेखा नेगी, अनीता गुसाईं, मुकेश बहुगुणा, सरफराज अहमद एवं विपिन गौतम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में नवीन डोभाल एवं महेश गिरि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

मिनी गढ़देवा 2026 ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि खेल के मैदान से ही प्रतिभा निखरती है, आत्मविश्वास बढ़ता है और भविष्य की नई उड़ान तैयार होती है।