नयी दिल्ली : लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवणे देश के 28वें थल सेना प्रमुख बन गए हैं। उन्होंने मंगलवार को जनरल बिपिन रावत से सेना प्रमुख का कार्यभार ग्रहण किया। जनरल रावत को भारत का पहला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया गया है। इससे पहले लेफ्टिनेंट जनरल नरवणे उप-सेनाप्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे थे। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच नरवणे हमेशा सतर्क रहने वाले अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। कहा जाता है वह जवानों को भी ऐसा ही रहने के लिए कहते रहते हैं। नरवणे अपने सहकर्मियों के बीच अच्छे व्यवहार के कारण काफी लोकप्रिय हैं। मुश्किल मोर्चों पर डटे रहने और सफलतापूर्वक कई ऑपरेशनों को अंजाम देने के लिए उन्हें सर्विस के दौरान कई अवॉर्ड भी मिले हैं। यह भी संयोग ही है कि आज देश की तीनों सेनाओं के प्रमुख NDA में भी बैचमेट रह चुके हैं।
यह भी पढ़ें: