वैश्विक महामारी कोरोना के चलते देश की राजधानी दिल्ली में बीते 7 महीने से बंद अंतरराज्यीय परिवहन को मंजूरी मिल गई है। अब देश के सभी राज्यों से दिल्ली बसें आवागमन कर सकेंगी। उत्तराखंड रोडवेज की बसें भी अब सीधे कश्मीरी गेट और आनंद विहार बस अड्डे तक जाएंगी। अभी तक उत्तराखंड से दिल्ली के लिए करीब 200 बसें चल रही थीं। यह सभी बसें दिल्ली की सीमा से लगे यूपी रोडवेज के कौशांबी बस अड्डे तक जा रही थीं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही थी। अब उत्तराखंड की बसें सीधे दिल्ली के आनंद विहार और कश्मीरी गेट बस अड्डे तक जा सकेंगी। दिल्ली में अंतरराज्यीय परिवहन खुलने के बाद उत्तराखंड से दिल्ली के लिए 100 बसें रोज बढ़ सकती हैं। उत्तराखंड रोडवेज यात्रियों की उपलब्धता पर दिल्ली के लिए वॉल्वो और एसी बसों का संचालन भी शुरू करेगा।
दिल्ली से उतर प्रदेश के अलग-अलग शहरों से रोजाना 1519 बसें यात्रियों को सेवाएं देंगी। जबकि हरियाणा रोडवेज की 757, उतराखंड की 313, पंजाब 139, हिमाचल प्रदेश की 128, पेप्सू की 75, राजस्थान की 254 बसें चलेंगी।



