उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा अपने नवगठित मंत्री परिषद के सदस्यों को विभाग आवंटित कर दिये हैं। मंगलवार शाम को मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गृह, वित्त, ऊर्जा, पीडब्ल्यूडी, तकनीकी शिक्षा, राजस्व, चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य, आबकारी जैसे करीब डेढ़ दर्जन भारी-भरकम विभाग खुद अपने पास रखे हैं। उन्होंने मंत्रिपरिषद् के सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से हम उत्तराखंड को विकास के नए पथ पर अग्रसर करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने त्रिवेंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत,अरविंद पांडे, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल, राज्यमंत्री (सभी स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत और रेखा आर्य के विभागों में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी छोड़कर कैबिनेट में आए कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत को शहरी विकास, नागरिक आपूर्ति, आवास विभाग आदि जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिया गया है। जबकि नए मंत्रियों में शामिल डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल को पेयजल, ग्रामीण निर्माण और जनगणना दिया गया है। सैनिक पृष्ठभूमि वाले मसूरी विधायक व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को सैनिक कल्याण, खादी एवं औद्योगिक विकास की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि, सरकार में पहली बार मंत्री का पद संभाल रहे राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरिद्वार ग्रामीण के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद को गन्ना विकास, चीनी उद्योग, भाषा आदि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने मीडियाकर्मियों से कहा कि शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने एक-एक कर सभी मंत्रियों से विभागों को लेकर उनकी प्राथमिकता जानी और पूछा कि आपकी पसंद क्या है। बकौल चुफाल उन्होंने पूर्व में देखे विभाग को लेकर ही अपनी पसंद जाहिर की है।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत : CM तीरथ ने अपने पास वित्त, वाणिज्य कर, स्टांप एवं निबन्धन, राज्य संपत्ति, राजस्व, न्याय, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, नागरिक उड्डयन, सूचना, लोक निर्माण, आबकारी विभाग, नियोजन, सचिवालय प्रशासन, सामान्य प्रशासन, ग्राम्य विकास, ऊर्जा एवं वैक्ल्पिक ऊर्जा, औद्योगिक विकास (खनन), गोपन, कार्मिक एवं अखिल भारतीय सेवाओं का संस्थापक विधायक कार्य, सतर्कता सुराज, भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं जन सेवा, गृह, कारागार, नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग रखे हैं।
सतपाल महाराज : सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, लघु सिंचाई, जलागम प्रबंधन, भारत-नेपाल उत्तराखंड नदी परियोजनाए, संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग मिले है।
हरक सिंह रावत: वन, पर्यावरण संरक्षण एंव जलवायु परिवर्तन, श्रम, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आयुष, आयुष शिक्षा।
यशपाल आर्य: परिवहन, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण, निर्वाचन।
बिशन सिंह चुफाल: पेयजल, वर्षा जल संग्रहण, ग्रामीण निर्माण, जनगणना।
बंशीधर भगत: विद्यायी एवं संसदीय बोर्ड, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, शहरी विकास, आवास, सूचना एंव विज्ञान प्रोद्योगिकी।
अरविंद पाण्डेय: विद्यालयी शिक्षा (बेसिक), विद्यालयी शिक्षा (माध्यमिक), संस्कृत शिक्षा, खेल, युवा कल्याण, पंचायती राज।
सुबोध उनियाल: कृषि, कृषि विपणन, कृषि शिक्षा, उद्यान एवं प्रसंस्करण, रेशम विकास, जैव प्रोद्योगिकी, उद्यान एवं फलोद्योग।
गणेश जोशी: सैनिक कल्याण, औद्योगिक विकास, लघु,सूक्ष्म एवं मद्यम उद्यम, खादी एवं ग्रमोद्योग।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभारी)
धन सिंह रावत: सहकारिता, प्रटोकॉल, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, उच्च शिक्षा
रेखा आर्य: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन
यतीश्वरानन्द: भाषा, पुनगर्ठन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग