corona-cases-in-india

Coronavirus Case in India: देश में कोरोना वायरस एक बार फिर से कहर बरपाने लगा है। बीते कुछ दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 59 हजार 118 नए मामले सामने आए हैं। जो कि पिछले पांच महीनों यानी अक्टूबर 2020 के बाद से अब तक के एक दिन में सबसे ज्यादा केस हैं। यही नहीं देश में पिछले 24 घंटे में कुल 257 लोगों की मौत हुई है। जो इस साल का सबसे बड़ा आंकड़ा है। कोरोना का सबसे अधिक कहर देश में महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में भी महाराष्ट्र में 35 हजार से अधिक केस दर्ज किए गए, जबकि 111 मौतें दर्ज हुईं। करीब 75 फीसदी एक्टिव केस सिर्फ तीन राज्य महाराष्ट्र, पंजाब और केरल में हैं। देश के कुल एक्टिव केस के 63 फीसदी केस अकेले महाराष्ट्र में है। केरल में 6.22% और पंजाब में 5.19% है। वहीं दिल्ली में भी गुरुवार को 1515 मामले सामने आए, हैं।

अब तक देश में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या अब 1,18,46,652 हो गई है। जिनमे से कुल 1,12,64,637 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि अभी भी 4,21,066 मरीज उपचाराधीन (एक्टिव केस) हैं। इसके अलावा कोरोना वायरस के कारण अब तक देशभर में 1,60,949 लोगों की मौत भी हो चुकी है।

देश के कई राज्यों ने कोरोना के बढ़ते मामलों और होली के त्योहार को देखते हुए सख्ती बढ़ा दी है। महाराष्ट्र में आधा दर्जन से अधिक शहरों में लॉकडाउन या नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है। मध्य प्रदेश में भी आठ जिलों में हर रविवार को लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों ने होली के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। राजस्थान, कर्नाटक जैसे राज्यों ने बाहरी राज्य से आने पर कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया है।