देहरादून : कोरोना महामारी के चलते अप्रैल महीने से बंद पड़े उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन कुछ राज्यों के लिए आज से शुरू हो गया है। आज यानी गुरुवार से हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए उत्तराखंड रोडवेज की बसें चलनीं शुरू हो गई हैं। मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता ने सभी डिपो के लिए इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अभी फिलहाल बसें 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ चलाई जा रही हैं।
परिवहन निगम और सरकार बसों का अंतरराज्यीय संचालन शुरू करने की कोशिशों में लगी हुई है। जिसके बबाद अब हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ ने बस संचालन की अनुमति प्रदान कर दी गयी है। कोविड गाइडलाइंस के तहत 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ इन बसों का संचालन किया जा रहा है। परिवहन निगम के मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता की ओर से जारी आदेश के अनुसार देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार से चंडीगढ़, शिमला और धर्मशाला के लिए बस संचालन किया जा रहा है। ये बसें पौंटा साहिब होते हुए चलाई जा रहीं हैं। बसों का संचालन सवारियों की उपलब्धता पर ही निर्भर करेगा। आईएसबीटी देहरादून से सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चार बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा ऋषिकेश से एक और हरिद्वार से शिमला के लिए बस का संचालन गुरुवार से शुरू हो गया है। सभी ड्राईवर व कंडक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वह दोनों राज्यों और केंद्र की कोविड गाइडलाइंस का पालन करें।