Covid Curfew in Uttarakhand : प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड में जारी कोविड कर्फ्यू में कुछ और रियायतें देते हुए इसे एक हफ्ते के लिए और आगे बढ़ा दिया। वर्तमान में लागू कोविड कर्फ्यू की अवधि मंगलवार (27 जुलाई) सुबह छह बजे खत्म हो रही है। शासन द्वारा जारी नई एसओपी के मुताबिक अब चार अगस्त सुबह 6 बजे तक राज्य में कोविड कर्फ्यू जारी रहेगा।
नई एसओपी में सरकारी और गैरसरकारी कार्यालयों में केवल 50 फीसदी कार्मिकों को बुलाने की बाध्यता को खत्म कर दिया गया है। केंद्र और राज्य सरकार के सभी दफ्तर 100% क्षमता के साथ खोले जाएंगे। इसके अलावा 50% क्षमता के साथ सरकारी व गैर सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों, सैलून एवं स्पा खोलने की इजाजत दी गई है। सभी राजनीतिक, सामाजिक, खेल गतिविधियां, मनोरंजन, शैक्षिक सांस्कृतिक समारोह हालांकि बंद रहेंगे। लेकिन सक्षम अधिकारी की अनुमति मिलने पर इन्हें आयोजित किया जा सकता है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रशासनिक अकादमी नैनीताल, वन अनुसंधान संस्थान समेत अन्य सरकारी, गैर सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को भी खोलने का निश्चय किया गया है। अभी तक राज्य में सैलून, स्पा भी बंद थे, जिन्हें अब 50% क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दे दी गई है। जिन होटलों में सैलून व स्पा हैं, अब उन्हें भी खोला जाएगा।
शासन की ओर से जारी एसओपी के अनुसार अग्रिम आदेशों तक प्रदेश में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। दूसरे राज्यों से आने वाले उन व्यक्तियों को उत्तराखंड में प्रवेश की अनुमति होगी, जिन्होंने आगमन से 15 दिन पहले कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हों। ऐसे व्यक्तियों को कोरोना जांच की निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता से छूट दी गई है। जिन व्यक्तियों के पास कोविड वैक्सीनेशन का फाइनल प्रमाणपत्र नहीं होगा, उनके लिए कोराना जांच की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य होगी। इसके साथ ही कर्फ्यू के शेष प्रविधान वही रहेंगे, जो वर्तमान में लागू हैं।
प्रदेश में रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा। सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान-बाजार सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। नगरीय क्षेत्रों में स्थित होटल रेस्तरां, भोजनालय व ढाबे रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक बंद रहेंगे। पूर्व से तय साप्ताहिक बंदी के दिन ही ये बंद रखे जाएंगे। राज्य में रात्रि कर्फ्यू को छोड़कर करीब करीब सभी प्रतिबंध को समाप्त कर दिया गया है। कर्फ्यू में काफी रियायतें दे दी गई हैं लेकिन अब भी लापरवाही नहीं करनी है। यह बीमारी अभी टली नहीं है। सभी लोग सेनेटाइजेशन, मास्क आदि सभी सुरक्षात्मक उपाय लगातार अपनाए रखें।
यह भी पढ़ें :
CDS-NDA की SSB तैयारी के लिये मिलेंगे 50 हजार रुपये: CM पुष्कर सिंह धामी