Yamunotri route collapse of road safety wall

चार धाम मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। उत्तराखंड के यमुनोत्री मंदिर की ओर जाने वाली सड़क की सुरक्षा दीवार गिरने से शुक्रवार से करीब 10 हजार तीर्थयात्री फंस गए हैं। इसके बाद हाईवे को बंद कर दिया गया है। हाईवे के किनारे अलग-अलग जगहों पर फंसे बताए जा रहे हैं। सड़क को दोबारा खोलने में 3 दिन का समय लग सकता है।

जिला प्रशासन कुछ छोटे वाहनों से यात्रियों को निकालने का प्रयास कर रहा है। वहीं दूसरी ओर अब तक चार धाम यात्रा के दौरान 58 तीर्थयात्रियों की दुखद मौत भी हो चुकी है। इसके साथ मौसम और बारिश की वजह से चार धाम मार्ग पर यात्रियों को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर चारधाम यात्रा पर भी हो रहा है।

मूसलाधार बारिश और जगह-जगह भूस्खलन के चलते यात्रा को रोक दिया गया था। चमोली में मूसलाधार बारिश के चलते बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनुमान चट्टी से बद्रीनाथ के बीच, लामबगड़ में खचड़ा नाले में पानी बढ़ने और बलदूड़ा में भूस्खलन के चलते यात्रा रोकी गई थी। यात्रियों को पाण्डुकेश्वर, बद्रीनाथ जोशीमठ, पीपलकोटी, चमोली और गौचर में रोका गया था।

बता दें कि इस साल चारधाम यात्रा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की वजह से यात्रा का स्लॉट फुल हो चुका है। इसको लेकर अब रजिस्ट्रेशन भी बंद कर दिए गए हैं। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर तीर्थयात्री चक्कर काट रहे हैं। तमाम लोग अपना सामान लेकर काउंटरों पर बैठे हैं, मगर उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है।