caged guldar

पौड़ी: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों द्वारा इंसानों पर हमले की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला जनपद पौड़ी के कोट ब्लॉक के अंतर्गत सितनस्यूं पट्टी का है, जहाँ सोमवार को ग्राम कठूड़ में गुलदार के मुंह से बकरी को छीनने के दौरान गुलदार ने माँ-बेटे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम कठूड़ निवासी पीतांबरी देवी व उनका पुत्र अरविंद कुमार बीते सोमवार देर शाम अपनी बकरियों को चुगा कर घर वापस लौट रहे थे। इसीबीच गांव से कुछ दूरी पर अचानक गुलदार ने बकरी पर झपट्टा मार दिया। पीतांबरी देवी व अरविंद ने बकरी को गुलदार के मुंह से छीनने का प्रयास किया तो गुलदार ने दोनों पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले में पीतांबरी देवी व अरविंद कुमार घायल हो गए। हालाँकि शोर मचाने के बाद गुलदार वहां से भाग गया और भाग गांव से कुछ दूर सड़क के कलमट (स्क्रबर) में दुबक गया। इस घटना के करीब एक घंटे बाद वहां से गुजर रहे व्यक्ति शिव लाल पर भी गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार के हमले में घायल हुए तीनों लोगों को जिला चिकित्सालय पौड़ी में उपचार के लिए लाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

गुलदार के हमले की घटना की बाद वन विभाग ने स्क्रबर में पिंजरा व जाल लगा दिया था। जिसने आज शाम को एक गुलदार कैद हो गया है। वन क्षेत्राधिकारी अनिल भट्ट ने बताया कि पिंजरे में कैद गुलदार मादा है और उसकी आयु करीब छह वर्ष है।