4 teenagers drowned while bathing

उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद के कपकोट से एक हृदय विदारक घटना की खबर आई है। कपकोट के गोगिना गांव में बर्थी गधेरे (छोटी नदी) में नहाने गए 4 किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गई है। तीन शव निकाल लिए हैं, जबकि चौथे किशोर की तलाश की जा रही है। हादसे का शिकार हुए चार किशोरों में से दो सगे भाई थे।

घटना आज (सोमवार) सुबह की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम गोगिना निवासी अभिषेक पुत्र त्रिलोक सिंह रौतेला, अजय पुत्र नारायण सिंह रौतेला और पंकज पुत्र दुर्गा सिंह टाकुली तीनों हल्द्वानी से पढ़ाई करते थे। इन दिनों वह गर्मी की छुट्टियां बिताने गांव आए थे। सोमवार को तीनों किशोर घर से नाश्ता करने के बाद गांव के ही एक अन्य किशोर विक्रम पुत्र नारायण सिंह दानू के साथ नहाने के लिए स्थानीय बर्थी गधेरे की तरफ चले गए। नहाने के दौरान चारों किशोर गधेरे में बने तालाब में डूब गए। काफी देर तक जब किशोर घर नहीं लोटे तो उनकी खोजबीन की गई।

यह भी पढ़ें: श्रीनगर गढ़वाल में दर्दनाक हादसा: आर्मी के ट्रक की चपेट में आये स्कूटी सवार दंपति, महिला की मौके पर ही मौत

इस दौरान एक किशोर की लाश गदेरे में बने तालाब में दिखी, जिसके बाद ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। खोजबीन के दौरान दो अन्य शव भी बरामद किए गए। हादसे में मारे गए अजय, अभिषेक और पंकज तीनों के शव ग्रामीणों ने पानी से बाहर निकाले। लेकिन विक्रम का अब तक पता नहीं चल सका है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

डूबने वालों सभी गोगिना गांव के थे

  1. अभिषेक सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह रौतेला,17 वर्ष
  2. अजय सिंह पुत्र नारायण सिंह रौतेला, 16 वर्ष
  3. सुरेश सिंह उर्फ पंकज पुत्र दुर्गा सिंह, 13 वर्ष
  4. विक्रम सिंह पुत्र नारायण सिंह, 14 वर्ष, (विक्रम का शव अभी नहीं मिल सका है।