Rain havoc

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश के बाद जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक महाराष्ट्र, गुजरात के कई जिले प्रभावित हैं। देश में हिमाचल प्रदेश से लेकर केरल तक भारी बारिश हो रही है। गुजरात के दक्षिण और मध्य के 6 जिले छोटा उदेपुर, डांग, नर्मदा, वलसाड, नवसारी और पंचमहाल में बाढ़ के कारण स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा नवसारी और वलसाड जिले प्रभावित हुए हैं। ऐसे राजधानी अहमदाबाद में भी कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के बाद सड़कों पर पानी जमा हो गया। राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में भी बारिश का हाई अलर्ट है।

उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन से 254 सड़कें बंद

उत्तराखंड में लगातार हुई बारिश से अभी भी जनजीवन अस्त व्यस्त है। देहरादून में दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और झमाझम बारिश हुई। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के चलते तीर्थ नगरी ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर घट-बढ़ रहा है। पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी है।

उत्तराखंड में लगातार हो रहे भूस्खलन से मौजूदा समय में रुद्रप्रयाग में एनएच 107 बंद पड़ी है। चमोली से चोपता जाने वाले बंद मार्ग को खोलने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। रविवार को प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 254 सड़कें बंद हो गईं थी। हालाँकि इनमें से मात्र 63 सड़कों को ही खोला जा सका है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक 1721 किलोमीटर लंबाई की लगभग 220 सड़कें बंद हैं। सड़कें बंद होने की वजह से चारधाम यात्रा पर भी इसका असर देखा जा रहा है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को कई बार बीच रास्ते में ही रोका जा रहा है। लामबगड़ में मलबा आने की वजह से लगभग 1030 यात्रियों को पांडुकेश्वर और गोविंद घाट पर रोका गया है। केदारनाथ पैदल जाने वाले यात्रियों को भी कई बार नाले में अधिक पानी आने की वजह से रोका जा रहा है। चारधाम यात्रियों की संख्या में भी बरसात के सीजन के कारण गिरावट देखी जा रही है।

वहीँ आज उत्तर प्रदेश में बादल छाए हुए हैं लेकिन बारिश ना होने की वजह से तेज गर्मी पड़ रही है। अभी मानसूनी बारिश के लिए 3-4 दिन और इंतजार करना होगा। दिल्ली-एनसीआर में लोग मानसून की बारिश का इंतजार करते करते थक गए हैं। यहां गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल है।

मौसम विभाग ने कहा है कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना समेत 25 राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं। महाराष्ट्र में एक जून से अब तक बारिश और बाढ़ से हुए हादसों में 76 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में ही 9 लोग मारे गए हैं। महाराष्ट्र के रत्नागिरि समेत 4 जिलों में ऑरेंज और 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान कोटा, झालावाड़ और बूंदी समेत कई जगहों पर भारी बारिश के बाद नदियां उफान पर हैं। कोटा में भारी बारिश के बीच नमाजियों ने नमाज पढ़ी।