BJP manifesto for Gujarat elections: गुजरात चुनाव के लिए भाजपा ने गांधीनगर में आज अपना घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल मौजूद रहे। इस घोषणापत्र में कई वादे किए गए हैं। रोजगार, किसान और महिलाओं के लिए कई वादे किए गए हैं।
गांधीनगर में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि गुजरात विकास की गंगोत्री है और उस गंगोत्री में जब हम विकास की बात करते हैं तो हम नए संकल्प के साथ अपने आप को फिर से पुनर्स्थापित करते हुए आगे बढ़ने की बात करते हैं। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि हमारा यह संकल्प पत्र महज एक डॉक्यूमेंट नहीं है। बीजेपी सरकार जो कहती है वो करती है। हम संविधान के अनुसार चलते हैं। मेनिफेस्टो में पार्टी ने गुजरात में 3 सिविल मेडिसिटी और दो एम्स जैसे संस्थान बनाने कार वादा किया है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में दो सी फूड पार्क बनाए जाएंगे।
भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में गुजरात में 5 साल में 20 लाख रोजगार, मजदूरों को क्रेडिट कार्ड और 2 लाख तक लोन और सिंचाई के लिए 25 हजार करोड़ का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं को 5 साल में 1 लाख रोजगार देने का भी वादा किया है। छात्राओं को मुफ्त में इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का वादा भी किया गया है। यूसीसी कमेटी की सिफारिशों को लागू करेंगे। कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर कोष के तहत 10 हजार करोड़ रुपए। द्वारका कॉरिडोर का निर्माण करेंगे। 20,000 सरकारी स्कूलों के उत्कृष्ट बनाएंगे। यूनिफॉर्म सिविस कोड पर सिफारिश लागू करेंगे।
गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि घोषणा पत्र तैयार करने के लिए गुजरात के एक करोड़ से ज्यादा लोगों से राय ली गई, इसके लिए एक वॉट्सऐप नंबर भी जारी किया गया था। इससे पहले कांग्रेस भी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलने का वादा भी किया है और 10 लाख सरकारी नौकरियां, किसानों की कर्ज माफी और हर महीने 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने का वादा किया। बता दें कि राज्य में पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। वहीं, दोनों चरणों की मतगणना 8 दिसंबर को होगी।