Sukhwinder government in Himachal

हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल का आज गठन हो गया। करीब 1 महीने बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। सुखविंदर सरकार में 7 मंत्री बनाए गए हैं । तीन मंत्री पद का अभी स्थान खाली है। रविवार को राजभवन शिमला में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने कार्यवाही का संचालन किया।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सात विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। धनीराम शांडिल ने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद चंद्र कुमार ने दूसरे स्थान पर मंत्री पद की शपथ ली। तीसरे स्थान पर हर्षवर्द्धन चौहान, चौथे स्थान पर जगत सिंह नेगी ने मंत्री पद की शपथ ली। पांचवें स्थान पर रोहित ठाकुर ने मंत्री पद की शपथ ली। अनिरुद्ध सिंह ने छठे स्थान पर और विक्रमादित्य सिंह ने सातवें स्थान पर मंत्री पद की शपथ ली। शिमला को पहली ही सूची में तीन मंत्री मिले हैं। वहीं, मंत्रियों के तीन पद अभी भी खाली हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 6 विधायकों को मुख्य संसदीय सचिव की शपथ दिलाई। इनमें सुंदर सिंह ठाकुर, रामकुमार चौधरी, मोहन लाल ब्राक्टा, आशीष बुटेल, किशोरीलाल, संजय अवस्थी और रामकुमार को मुख्य संसदीय सचिव पद की शपथ दिलाई गई। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त मुख्य संसदीय सचिवों के परिवार के सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।