World police and fire games 2023

World police and fire games 2023: कनाडा के विन्नीपेग शहर में चल रहे वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स-2023 में उत्तराखंड पुलिस के जवान ने परचम लहराया है। उत्तराखण्ड पुलिस के हेड कांस्टेबल संतोष कुमार ने वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2023 में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया। मुख्य आरक्षी संतोष कुमार ने तीरंदाजी टारगेट आर्चरी कंपाउंड तथा फील्ड आर्चरी कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदकों पर निशाना लगाया है। हेड कांस्टेबल संतोष कुमार की इस उपलब्धि पर डीजपी अशोक कुमार ने उन्हें बधाई दी है।

बागेश्वर के मेहनरबुंगा गांव के निवासी उत्तराखंड पुलिस में हेड कांस्टेबल और खिलाड़ी संतोष कुमार ने कनाडा में 28 जुलाई 2023 से 8 अगस्त 2023 तक आयोजित किए जा रहे वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हेड कांस्टेबल संतोष कुमार ने वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में तीरंदाजी में दो स्वर्ण पदक हासिल कर उत्तराखंड पुलिस का सर गौरव से ऊंचा किया है। संतोष कुमार साल 2006 में उत्तराखंड पुलिस की पीएसी विंग में नियुक्त हुए थे। उन्हें पहली नियुक्ति पीएसी रुद्रपुर में सिपाही के पद पर दी गई थी। संतोष कुमार की प्राथमिक शिक्षा बागेश्वर से ही हुई। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने नैनीताल का रुख किया। उन्हें बचपन से ही तीरंदाजी में काफी रुचि थी।