Bus Accident Srinagar: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होने से बच गया। जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 6 बजे चंडीगढ़ से आ रही एक रोडवेज बस तीनधारा के समीप अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। जिसके कारण बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों व राहगीरों ने बस पलटने की सूचना देवप्रयाग,तीनधारा पुलिस को दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल देवप्रयाग अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी 8 घायलों का इलाज किया जा रहा है। देवप्रयाग थाना प्रभारी महिपाल रावत ने बताया कि बस में कुल 34 यात्री सवार थे, जिसमें 8 यात्रियों को चोटें आई हैं।
उन्होंने बताया कि बस चालक के वाहन से नियंत्रण खोने से हादसा हुआ है। लेकिन घटना के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। घायलों को सीएचसी बागी में भर्ती किया गया है। बाकी सभी यात्री ठीक है। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी वरना बड़ा हादसा हो सकता था।