Home उत्तराखण्ड सेवा संकल्प अभियान के तहत कल्जीखाल में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं...

सेवा संकल्प अभियान के तहत कल्जीखाल में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं और बच्चों को दी पोषण व योजनाओं की जानकारी

कल्जीखाल: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत बिलखेत स्थित प्राथमिक विद्यालय में सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्थानीय ऑर्गेनिक खाद्य सामग्री से तैयार रंगोली और पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, चार गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट तथा चार किशोरियों को टी-शर्ट वितरित की गई। इसके अलावा चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण किट प्रदान की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री रजनी मौर्या ने किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली कार्यकत्रियों में बिलखेत-2 की सुमित्रा देवी, धुराली की शशि देवी, तोली वाडियूं की सरोजनी देवी और चोपड़ा की अनीता देवी शामिल रहीं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सुषमा रावत ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उनकी पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य सुधार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंजू देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य बिलखेत प्रिया देवी और प्रधान अध्यापिका पूर्णिमा जैरवाण विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में पीएलवी जगमोहन डांगी ने घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर की सहायता, विधिक सेवाओं और उनके अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को किसी भी प्रकार की हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर माया राणा ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

आंगन मिलन कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्री सीमा देवी (बूंगा), सुनीता देवी (बिलखेत-1), उदय राणा और गोपाल कुमार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन पीएलवी जगमोहन डांगी ने किया।

जगमोहन डांगी