श्रीनगर गढ़वाल: मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर उत्तराखंड के युवा लगातार वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर विकासखंड के पठवाड़ा गांव निवासी पंकज बिष्ट ने अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया है।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित 58वीं एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में पंकज बिष्ट ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से उत्तराखंड सहित उनके गृह क्षेत्र कीर्तिनगर में खुशी की लहर है।
पंकज बिष्ट सुरेंद्र सिंह बिष्ट एवं सरोजनी देवी बिष्ट के पुत्र हैं। उनकी माताजी का मायका लोस्तु-बड़ियारगढ़ क्षेत्र के ग्राम रथेड़ में है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने की सूचना मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पंकज को शुभकामनाएं दीं।
पंकज की सफलता पहाड़ के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने साबित किया है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।
क्षेत्रवासियों ने पंकज बिष्ट को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।













