श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज नवाखाल के प्रभारी प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी एवं प्रवक्ता रवींद्र सिंह रावत को अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। सर्वप्रथम एसएमसी अध्यक्ष एवं पीटीए अध्यक्ष द्वारा उनका माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात महेंद्र नेगी एवं रविंद्र रावत को शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा माल्यार्पण कर अंग वस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवाखाल की प्रधानाध्यापिका शर्मिला पुरी ने दोनों शिक्षकों को नोटों की माला द्वारा सम्मानित किया।
एसएमसी अध्यक्ष ताजवर सिंह ने कहा कि महेंद्र सिंह नेगी ने 14 वर्ष में छात्र-छात्राओं की सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाई एवं दो वर्ष के प्रधानाचार्य कार्यकाल में 16 लाख की स्वीकृत करवा कर विद्यार्थियों के बैठने हेतु कमरे बनवाकर अच्छा प्रयास किया। साथ ही रविंद्र रावत ने भी अपने एक वर्ष के अल्प कार्यकाल में कार्य की प्रति समर्पण से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के दिल में जगह बनाई। पीटीए अध्यक्ष पंवार ने कहा कि महेंद्र सिंह नेगी के 2 वर्ष के प्रधानाचार्य कार्यकाल में विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि हुई। वरिष्ठ प्रवक्ता अरविंद काला ने कहा कि विदाई लेने वाले दोनों शिक्षकों की कार्यशैली अनुकरणीय है और वह आगे भी हमें मार्गदर्शन करते रहेंगे।
राजनीति विज्ञान प्रवक्ता शरद रावत ने कहा कि महेंद्र सिंह नेगी ने 14 वर्ष के कार्यकाल में छात्र-छात्राओं को अनेक प्रतियोगिताओं की तैयारी करवाई तथा वह हमेशा छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहयोग करते रहे हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवाखाल की प्रधानाध्यापिका शर्मिला पुरी ने कहा कि प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी द्वारा हमेशा प्राथमिक विद्यालय नवाखाल को सहयोग दिया गया, जिसके लिए वह उनका आभार व्यक्त करती हैं। ग्राम प्रधान सुरालगांव रुकम सिंह ने कहा कि महेंद्र सिंह नेगी के प्रधानाचार्य के 2 वर्ष के कार्यकाल में विद्यालय का चौमुखी विकास हुआ। शिक्षक मनोज नेगी ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में महेंद्र सिंह नेगी द्वारा किए गए कार्यों के कारण ही बच्चों को उनसे लगाव है और छात्र-छात्राओं की आंखें विदाई के अवसर पर नम हैं।
शिक्षक राकेश आर्य ने कहा कि प्रधानाचार्य नेगी की कार्यशैली से विद्यालय में शानदार शैक्षणिक वातावरण बना रहा। शिक्षिका वंदना रावत एवं मीना बिष्ट ने कहा कि महेंद्र सिंह नेगी की कार्यशैली अत्यंत सराहनीय है। अंग्रेजी प्रवक्ता ए आर कांडपाल ने कहा कि नेगी हमेशा उनकी प्रेरणा स्रोत रहेंगे। प्रधानाचार्य जसपाल खत्री ने कहा कि महेंद्र नेगी ने अपने 2 वर्ष के प्रधानाचार्य कार्यकाल में कभी भी किसी से अप्रिय व्यवहार नहीं किया। उनकी समय की प्रति प्रतिबद्धता से सभी शिक्षक शिक्षिकाएं प्रभावित थे। साथ ही रसायन प्रवक्ता रविंद्र रावत ने 1 वर्ष के अल्प समय में विद्यालय एवं क्षेत्र में अपनी अमित छाप छोड़ी।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष आनंद पवार ने कहा कि प्रधानाचार्य नेगी का स्थानांतरण विद्यालय हित में नहीं है, परंतु स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने अपना स्थानांतरण करवाया। अपने 2 वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने विद्यालय को अनुदान दिलवाई एवं शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि की। शिक्षक रविंद्र रावत ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 1 वर्ष में उन्हें विद्यालय परिवार द्वारा जो अपनत्व दिया गया, वे उसे भूला नहीं सकते।
पूर्व प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने समस्त विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों द्वारा सम्मान एवं सहयोग देने के लिए सभी का हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि वह आगे भी छात्र-छात्राओं की मदद करते रहेंगे। साथ ही विदाई लेने वाले शिक्षक रविंद्र रावत को उन्होंने उत्कृष्ट शिक्षक एवं आदर्श व्यक्तित्व बताया। उनकी कार्यशैली एवं समर्पण सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज नवाकाल का 14 वर्ष का समय उनके जीवन का स्वर्णिम काल रहा है। इसी कार्यकाल में उनके पुत्र डॉ अनिरुद्ध नेगी एवं इंजीनियर आयुष नेगी को सफलता मिली। नवाखाल में बिताये 14 वर्ष अविष्मरणीय रहेंगे। विद्यालय स्टाफ भी इससे अच्छा शायद ही कहीं मिले।
इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ ही नवागंतुक शिक्षिका गीता रावत, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवाखाल के शिक्षक अजय रावत, वरिष्ठ सहायक परिमल लिंगवाल, प्रयोगशाला सहायक विजेंद्र आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी प्रवक्ता अर्चना नौटियाल ने किया।