World Powerlifting Championship in Thailand

World Powerlifting Championship in Thailand: उत्तराखंड के चमोली जिले की प्रतिभाशाली पावरलिफ्टर मुन्नी देवी ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित विश्व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।

चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड स्थित किमोठा गांव की निवासी मुन्नी देवी ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने फुल पावरलिफ्टिंग तथा बेंच प्रेस स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

बैंकॉक में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पाकिस्तान, थाईलैंड सहित 18 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबले के बीच मुन्नी देवी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान हासिल किया और तिरंगा देश का मान बढ़ाया।

सीमित संसाधनों और पर्वतीय क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों के बावजूद मुन्नी देवी ने अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी सफलता उत्तराखंड की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

मुन्नी देवी का खेल जीवन उपलब्धियों से भरा रहा है। वह राष्ट्रीय स्तर पर तीन बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा एशियाई पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर आज वह उत्तराखंड की अग्रणी महिला खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।