श्रीनगर: राजकीय इंटर कॉलेज हिंसरियाखाल, ब्लॉक-कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल से “मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा” में सात विद्यार्थियों का चयन हुआ है। कक्षा 6 से तीन विद्यार्थी- अनुराग, रितिका,  सौरभ सिंह राणा तथा कक्षा-9 से चार विद्यार्थी संजना, अर्जुन सिंह पंवार, सौरभ कुमार और आरुषी ने “मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा” में बाजी मारी है।

उत्तराखंड सरकार इन बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगी। राजकीय इंटर कॉलेज हिंसरियाखाल के गणित प्रवक्ता डॉ हर्षमणि पाण्डेय ने बताया कि पूर्व में इस विद्यालय से भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति “राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति” में बीस छात्र-छात्राओं और राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली- ” डॉ शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति” में दो और “श्रीदेव सुमन छात्रवृत्ति” में दो विद्यार्थी सफल घोषित हुए हैं। पूर्व में इस विद्यालय से गणित मॉडल में एक छात्र के मॉडल का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन हुआ है। इस छात्र का गणितीय मॉडल “राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद” की बेबसाइट पर उपलब्ध है।

इस विद्यालय से राज्य स्तर पर “विज्ञान और गणितीय मॉडल” में अब तक पांच विद्यार्थियों ने अपने मॉडल का प्रदर्शन किया है। “मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा” में सात बच्चों के चयनित होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डी0 एस0 बिष्ट जी और शिक्षक/शिक्षिकाओं ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामदयाल जी ने इसे क्षेत्र की बहुत बड़ी उपलब्धि बताई।