पौड़ी: राजकीय शिक्षक संघ जनपद पौड़ी की शाखा द्वारा जिले के अंतिम विकासखंड पाबौ में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं अधिवेशन का भव्य आयोजन शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज सीकू में किया गया। यह आयोजन रा0शि0स0 की जनपद शाखा और विकासखंड पाबौ की शाखा के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं राजकीय इंटर कॉलेज सीकू के प्रधानाचार्य हनुमंत कुकरेती द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और रंगारंग प्रस्तुतियों से अतिथियों का अभिवादन किया। इस अवसर पर हाई स्कूल परिषदीय परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 22वां स्थान और जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कु. राधिका बिष्ट को विद्यालय के अंग्रेज़ी प्रवक्ता पुष्कर सिंह नयाल ने ₹20,000 का चेक भेंट कर सम्मानित किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में अंग्रेज़ी विषय में 85% से अधिक अंक अर्जित करने वाली कु. रिया नेगी को ₹30,000 का चेक प्रदान किया।
पहले सत्र में शैक्षिक उन्नयन पर वक्ताओं जितेंद्र नवानी और प्रकाश सिंह चौहान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मनोज कुमार काला, जिला मंत्री बिजेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट, राकेश कठैत, पंकज मुयाल, भवान सिंह नेगी, निवर्तमान अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, ब्लॉक मंत्री सुरेंद्र सिंह रावत सहित कई गणमान्य शिक्षक उपस्थित रहे।
दूसरे सत्र में ब्लॉक कार्यकारिणी के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्वाचक अधिकारी/पर्यवेक्षक मुख्य चुनाव अधिकारी वीरेन्द्र सिंह रावत (प्रधानाचार्य, ज.इ.का. पोखरीखेत) एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह नेगी (मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, खंड विकास कार्यालय पाबौ) की देखरेख में संपन्न हुई। जिसमे अध्यक्ष पद पर भूपेंद्र सिंह नेगी ने श्रीकांत दुदुपुड़ी पर जीत दर्ज की, जबकि मंत्री पद पर संजय राही ने सुरेंद्र सिंह रावत को हराया।
अन्य पदों पर उपाध्यक्ष (पुरुष) मोहित खंडूड़ी, उपाध्यक्ष (महिला) सोनिया गौड़, संयुक्त मंत्री (पुरुष) दीपक बिष्ट, संयुक्त मंत्री (महिला) फौजिया बानो तथा आय-व्यय निरीक्षक अनिल नेगी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
नई कार्यकारिणी को सभी अतिथियों और शिक्षकों ने शुभकामनाएं देते हुए शिक्षक व छात्रहित में बेहतर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन चंद्रमोहन मुयाल, सुरेंद्र सिंह रावत एवं ज्योति रावत ने संयुक्त रूप से किया।
निर्वाचन अधिकारी/पर्यवेक्षक के रूप मे निर्वाचन प्रक्रिया को निर्विवाद रूप से सम्पन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी वीरेन्द्र सिंह रावत, सहायक निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, खंड विकास अधिकारी कार्यालय पाबो का विशेष आभार व्यक्त किया।
भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए विद्यालय की शिक्षिका दीप्ति राजवंशी की सराहना की गई। जिला संरक्षक जयदीप रावत एवं पूरी जनपद कार्यकारिणी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।