पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में मंगलवार, 9 दिसंबर 2025 को इंटरनेशनल एंटी करप्शन डे (भ्रष्टाचार मुक्त दिवस) के अवसर पर विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत डांगी में एक विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का आयोजन पीएलवी जगमोहन डांगी एवं साजन सिंह नेगी द्वारा संयुक्त रूप से पंचायत भवन में किया गया। इस दिवस का उद्देश्य भ्रष्टाचार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही की भूमिका को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराना है।
भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता पर विशेष सत्र
शिविर में मौजूद ग्रामीणों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न विभागों के फील्ड कर्मचारियों को भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों, पारदर्शिता, लोक प्रशासन की जवाबदेही, निवारण उपायों, तथा लोक कल्याण पर भ्रष्टाचार के प्रतिकूल प्रभाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साथ ही उपस्थित लोगों को 12 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली लोक अदालत, पंपलेट वितरण तथा उसके महत्व के बारे में भी अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त स्थायी लोक अदालत (13 दिसंबर) की प्रक्रिया व लाभों की जानकारी भी दी गई।
छात्रों को सुरक्षा व नशा मुक्ति पर जानकारी
विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, गुड टच–बैड टच, नशीली दवाओं के सेवन के दुष्प्रभाव, तथा “सुरक्षित दवा—सुरक्षित जीवन” विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
विधिक जागरूकता शिविर में राजस्व निरीक्षक सुदामा सिंह रावत राजस्व निरीक्षक सुदामा सिंह रावत, राजस्व उपनिरीक्षक धीरज सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक दौलत सिंह बिष्ट, प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती विनीता रावत राउमा विद्यालय डांगी, सहायक अध्यापिका शीतल भट्ट, सहायक अध्यापक दिनेश सिंह, वन विभाग से रबी चौधरी, फायर वाचक अजीत, विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। कुल 35 लोगों ने कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज की।
यह कार्यक्रम भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन को मजबूत करने और समाज में विधिक जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
जगमोहन डांगी



