Home दिल्ली-एनसीआर ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट की पाठशाला में धूमधाम से मनाया गया गणेश चतुर्थी...

ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट की पाठशाला में धूमधाम से मनाया गया गणेश चतुर्थी महोत्सव

नोएडा, 14 सितंबर। ऋषि चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से संचालित ऋषि की पाठशाला में सोमवार को  नोएडा के सेक्टर-5, हरौला स्थित जेजे कॉलोनी में गणेश चतुर्थी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने भगवान श्री गणेश का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया तथा विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
ट्रस्ट की संस्थापिका भारती नेगी ने बताया कि गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश का आगमन ऋषि की पाठशाला में कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी बच्चों को चंदन का तिलक लगाकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने भगवान गणेश को तिलक अर्पित किया, आरती की तथा सभी ने एक-दूसरे को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की ओर से बच्चों को प्रसाद, स्नैक्स एवं कोल्ड ड्रिंक का वितरण भी किया गया। पूरे आयोजन में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्तिमय वातावरण में पर्व का आनंद लिया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की संस्थापिका भारती नेगी के साथ आरती, मुस्कान, संध्या, सोनिया सहित अन्य सहयोगी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।