श्रीनगर: समग्र शिक्षा के अंतर्गत विकास खंड खिर्सू की ब्लॉक स्तरीय निपुण विद्यार्थी प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को नगर पालिका जूनियर हाईस्कूल नन्दन, श्रीनगर के सभागार में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत द्वारा किया गया।
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों के भाषा एवं संख्याज्ञान से जुड़े अधिगम आधारित लक्ष्यों का प्रभावी मूल्यांकन करना रहा। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत ने कहा कि निपुण विद्यार्थी प्रतियोगिता छात्रों में गणितीय, तार्किक एवं भाषायी दक्षता विकसित करने में सहायक है। यह प्रतियोगिता बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। साथ ही छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है, जिससे वे अपने शैक्षणिक लक्ष्यों की ओर अग्रसर होते हैं।
प्रतियोगिता में विकास खंड खिर्सू की तीन न्याय पंचायतों—चमराड़ा, देवलगढ़ एवं पोखरी से चयनित कुल 9 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता परिणाम
- प्रथम स्थान: अनुज — राजकीय प्राथमिक विद्यालय चोपड़ा
- द्वितीय स्थान: विभूति — राजकीय नवीन प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर
- तृतीय स्थान: दीया विष्ट — राजकीय प्राथमिक विद्यालय मरोड़ा
प्रतियोगिता का मूल्यांकन श्रीमती लक्ष्मी कुकरेती, आरती थपलियाल, चारुस्मिता एवं श्रीमती विनीता पैन्यूली द्वारा किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को ₹3000, द्वितीय को ₹2000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को ₹1000 की धनराशि उनके बैंक खाते में जमा कराई जाएगी।
कार्यक्रम में कार्यक्रम प्रभारी मुकेश काला, जयदयाल चौहान, संजय नौडियाल, विपिन गौतम, नवीन धारीवाल, मनोज नौडियाल, लक्ष्मी चंद, सुशील नौटियाल, लक्ष्मी कुकरेती, आरती थपलियाल, कुसुमलता काला, अनीता पटवाल, विनीता पैन्यूली एवं निर्मला नेगी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।



