ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा की सामाजिक संस्था महिला शक्ति उत्थान मंडल (रजि.) द्वारा आयोजित 10वें सामूहिक विवाह समारोह में रविवार को 11 जोड़ों का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। डेल्टा-1 स्थित सामुदायिक केंद्र में दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस भव्य आयोजन में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति समेत अनेक सामाजिक संगठनों ने सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। समारोह में विभिन्न संस्थाओं और समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराना तथा समाज में सहयोग, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देना रहा।
दोपहर करीब 12:30 बजे डेल्टा-1 स्थित मंदिर से बैंड-बाजों के साथ बारात निकाली गई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच कम्युनिटी सेंटर के प्रवेश द्वार पर बारात का भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात सुसज्जित मंडप में जयमाला की रस्म अदा की गई और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे संपन्न हुए। करीब शाम 4 बजे विधिवत विदाई की रस्म पूरी की गई। इस दौरान माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना रहा।
महिला शक्ति उत्थान मंडल द्वारा अब तक लगभग 100 जोड़ों के विवाह सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं और इस बार 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इन सभी जोड़ों के परिवार आर्थिक रूप से कमजोर थे, जिन्हें इस सामूहिक विवाह से बड़ी सहायता मिली। संस्था की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप कपड़े, गृहस्थी का आवश्यक सामान तथा विशेष रूप से बेटियों को सोने की नथ और अन्य जरूरी वस्तुएं प्रदान की गईं।
संस्था की अध्यक्ष रूपा गुप्ता ने बताया, “हमारे हिंदू धर्म में बेटी को घर से सम्मानपूर्वक विदा करना एक महत्वपूर्ण परंपरा है, लेकिन कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण यह जिम्मेदारी पूरी नहीं कर पाते। हमारा प्रयास रहता है कि ऐसे परिवारों की मदद की जाए, ताकि उनकी बेटियां भी पूरे रीति-रिवाज और सम्मान के साथ अपने ससुराल जा सकें। रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होने के बाद शहर के लोग हमें सहयोग प्रदान करते हैं, जिससे हम विवाह से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करा पाते हैं।”
इस सामूहिक विवाह समारोह में शहर के कई संस्थाएं और ट्रस्ट शामिल हुए, जिनमें पारसंस न्यूट्रिशनल प्राइवेट लिमिटेड, प्रेस क्लब ग्रेटर नोएडा, गायत्री परिवार, उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति, भगवान दास सेवा संस्थान, एक्टिव सिटीजन टीम, आरडबल्यूए बीटा-1, आरडबल्यूए डेल्टा-1, आरडबल्यूए अल्फ़ा-2, सहित कई अन्य सामाजिक संस्थाएं शामिल हैं। सभी ने मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
विवाह समारोह में उत्तराखंड संस्कृति समिति के अध्यक्ष जीपीएस रावत, जनेंद्र पाल रावत, डीएस नेगी, बच्ची राम रतूड़ी, दिलीप नेगी, सत्येंद्र नेगी, दिनेश पवार, एक्टिव सिटीजन टीम से सरदार मंजीत सिंह, हरेंद्र भाटी, आलोक सिह,राहुल नंबरदार, अंजू पुंडीर, पिंकी त्रिपाठी समेत सैकड़ो लोग मौजूद थे। सामूहिक विवाह समारोह ने समाज में सहयोग और सद्भाव की एक सशक्त मिसाल पेश की है।



