Home उत्तर प्रदेश उत्तराखंड की बेटी सुषमा खर्कवाल बनी लखनऊ की मेयर, जानिए इनके बारे...

उत्तराखंड की बेटी सुषमा खर्कवाल बनी लखनऊ की मेयर, जानिए इनके बारे में

Sushma Kharwal Lucknow Mayor

Sushma Kharwal Lucknow Mayor: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की बेटी सुषमा खर्कवाल के उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की मेयर निर्वाचित हुई है। सुषमा खर्कवाल ने सपा प्रत्याशी वंदना मिश्रा को 204161 मतों के अंतर हराया। सुषमा को कुल 502680 वोट मिले तथा सपा की वंदना मिश्रा को 298519 वोट मिले। सुषमा खर्कवाल अब लखनऊ की नई मेयर होंगी। सुषमा खर्कवाल को राजनीति विरासत में नहीं मिली। गढ़वाल की बेटी सुषमा खर्कवाल के मेयर बनने पर उनके पौड़ी गढ़वाल स्थित मायके से लेकर ससुराल तक खुशी की लहर है। कोटद्वार भाबर में उनके रिश्तेदारों में भी जश्न का माहौल है।

मूलरूप से पौड़ी के यमकेश्वर ब्लाक के भट्टगांव की बेटी सुषमा की शादी 1984 में दुगड्डा के कलढुंगा निवासी प्रेमलाल खर्कवाल के साथ हुई। उनका परिवार लंबे समय से लखनऊ में ही रह रहा है। जबकि वर्तमान में उनके मायके के लोग कोटद्वार के हल्दूखाता भाबर में निवास कर रहे हैं। पिता गोविंदराम भट्ट और माता का निधन हो चुका है। सुषमा तीन बहनों में सबसे छोटी है। एक भाई विनोद इन दिनों चुनाव प्रचार के सिलसिले में लखनऊ में ही हैं। सुषमा ने अपने स्नातक की पढ़ाई कोटद्वार से ही की।

उनके पति सेना में हवलदार पद से रिटायर हुए थे। उसके बाद विधानसभा में सहायक मार्शल के पद पर तैनात थे। पिछले वर्ष ही वह वहां से भी रिटायर हुए। बेहद साधारण परिवार से आने वाली सुषमा खर्कवाल ने अपने संघर्ष व मेहनत के दम पर उन्होंने बीजेपी में न सिर्फ पहचान बनाई बल्कि एक मुकाम भी हासिल किया। वह बीजेपी में कई पदों पर सेवा दे चुकी हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कभी हिम्मत नहीं हारी। पति सेना में थे। दो छोटे छोटे बच्चों की जिम्मेदारी खुद सुषमा पर थी। इसके बावजूद राजनीति नहीं छोड़ी। करीब 35 वर्ष से बीजेपी के लिए काम कर रही थीं। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की सभाओं और रैलियों में उनकी स्कूटर सबसे आगे रहती थी। अटल जी उन्हें अच्छे से जानते पहचानते थे। खुद सुषमा खर्कवाल कहती हैं कि अटल जी की लखनऊ में कोई भी ऐसी सभा, रैली, रोड शो नहीं रहा होगा जिसमें वह न आगे रही हों।

उनके मेयर बनने से दुगड्डा के पूर्व ब्लाक प्रमुख व वरिष्ठ भाजपा नेता भुवनेश खर्कवाल, पूर्व पार्षद हरीश खर्कवाल, सतीश गौड़ समेत कई लोगों ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि सुषमा खर्कवाल ने गढ़वाल का नाम रोशन कर दिया है।

सुषमा खर्कवाल का परिचय

  • पूरा नाम : सुषमा खर्कवाल
  • पति का नाम : प्रेम खर्कवाल (रिटायर सैनिक)
  • उम्र : 59 वर्ष
  • शिक्षा : श्रीनगर गढ़वाल विश्वविद्यालय, उत्तराखंड से स्नातक
  • मूल गाँव (मायका) : भट्टगांव, यमकेश्वर ब्लाक, पौड़ी गढ़वाल
  •  ससुराल : कलढुंगा, दुगड्डा, पौड़ी गढ़वाल

राजनीतिक सफर

  • वर्तमान में उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की सदस्य
  • पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा, पूर्व प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा
  • लगभग 30 वर्षों से पार्टी में कार्यरत
  • भारतीय पर्वतीय महासभा की राष्ट्रीय प्रभारी
  • भाजपा पश्चिम विस क्षेत्र मंडल-2 प्रभारी
  • पूर्व महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री तथा अवध क्षेत्र की अध्यक्ष रहीं
  • केंद्रीय दत्तक ग्रहण प्राधिकरण की सदस्य रहीं
  • क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति की सदस्य रहीं
  • सैनिक कल्याण बोर्ड की सदस्य रहीं
  • खाद्य रसद सलाहकार बोर्ड की सदस्य रहीं
  • दूर संचार निगम की जिला स्तरीय सदस्य रहीं
  • आर्मी वेलफेयर हाउसिंग आर्गेनाइजेशन की संयुक्त सचिव रहीं
  • बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान भाजपा अवध क्षेत्र की संयोजक भी रह चुकी हैं।