इंदिरापुरम: इंदिरापुरम के नीति खंड-2 स्थित स्वर्ण जयंती पार्क के ओपन थिएटर मंच पर आज यानी रविवार, 1 मार्च 2026 को उत्तराखंड की पारंपरिक होली की रंगत बिखरी। उत्तराखंड होली महोत्सव के रूप में आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में पर्वतीय लोक परंपराओं, लोकगीतों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच रंगों का उल्लासपूर्ण उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था द्वारा किया गया।

महोत्सव की शुरुआत शाम 4:00 बजे हुई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोक गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। प्रसिद्ध लोक गायिका स्वर कोकिला कल्पना चौहान और लोक गायक रोहित चौहान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के संयोजक राजेंद्र चौहान ने बताया कि उत्तराखंड की होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि शास्त्रीय रागों पर आधारित सामूहिक लोक गायन की समृद्ध परंपरा है। उन्होंने कहा कि ‘खड़ी होली’ में लोग पारंपरिक वेशभूषा में समूह बनाकर गीत गाते हुए उत्सव मनाते हैं, जबकि ‘बैठकी होली’ में शास्त्रीय संगीत की शैली में बैठकर गायन किया जाता है। यह आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी प्रयास है।

कार्यक्रम की शुरुआत नन्ही बालिका प्रिशा नेगी की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद उमा रावत, टीम रीमिक्स गोविंदी, हिट दे सयाली, सिमरन टीम झुमैलो, ‘घंगतोल’ फिल्म टीम, अंजू भंडारी टीम, झुमैलो गीत, दीपा जोशी कीर्तन मंडली और हंसी जोशी कीर्तन मंडली ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

उसके बाद स्वरकोकिला उत्तराखंड के नाम से प्रसिद्ध कल्पना चौहान ने “मत मारो मोहन लाला पिचकारी”, “मेरो रंगीलो देवर घर ए गे”, “हरि फूलों से मथुरा छाई रही” और “जल कैसे भरू जमुना में” जैसे मधुर गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं रोहित चौहान ने “धन सिंह की गाड़ी”, “छोरी चंद्रा” और “काली डोरी” जैसे लोकप्रिय गीतों से माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया। दर्शक गीतों पर झूमते नजर आए।

महोत्सव में उपस्थित सभी दर्शकों के लिए पारंपरिक पकोड़े, चाय और बुरांश के जूस की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसने आयोजन की गरिमा और आत्मीयता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम में दिगमोहन नेगी, जगत रावत, हरीश असवाल, पी.एन. शर्मा, ‘घंगतोल’ फिल्म के निर्माता संजय जोशी, निर्देशिका सुशीला रावत, राकेश गौड़, खुशाल सिंह बिष्ट, पार्षद इंदिरापुरम हरीश कड़ाकोटी, वरिष्ठ पत्रकार वेद विलास, नरेंद्र बिष्ट, विनोद कवटियाल, लक्ष्मण रावत, दिनेश लखेड़ा, इंद्रा चौधरी, सुबोध थपलियाल, संजय उनियाल, अनिल पन्त, संजय चौहान, उदय ममगाई राठी, रेनू उनियाल, राजेंद्र रावत, महेश नेगी, आईपी उनियाल, रजनी जोशी, नीरज रावत, सत्येन्द्र नेगी, बच्ची राम रतूड़ी, मंजू जोशी, पूजा रावत, अंजू पुरोहित, नीलू सती, किरन रामपाल, पुष्पा देवली, सुष्मा जोशी, शीला पन्त, सुनीता नयाल, सुनीता बिष्ट, निर्मल रावत नेगी, प्रभा बिष्ट, अंजू भंडारी, कविता करगेती, हेमंत जोशी, बबलू पाण्डेय, रजनी पाण्डेय, बीना कोठारी, सुरेन्द्र, बिष्ट, आरएस रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।