देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में अभी कुछ और दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा शनिवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिले में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। बद्रीनाथ-केदारनाथ समेत चारों धाम बर्फ से ढके हुए हैं। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने रविवार से लेकर गुरुवार 26 मार्च तक का अलर्ट जारी किया है।
22 मार्च को मौसम का पूर्वानुमान:
मौसम विभाग के अनुसार रविवार 22 मार्च को उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के तीन जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में बारिश और बर्फबारी होगी। जबकि कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान लगाया गया है। बर्फबारी 3300 मीटर या इससे ऊंचाई वाले स्थानों पर होगी। अलर्ट में बताया गया है कि बारिश होने के दौरान जोर जोर से बादल गरजेंगे। बिजली भी चमकेगी। राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
23 मार्च को मौसम का पूर्वानुमान:
सोमवार 23 मार्च को बारिश का दायरा बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी होगी। शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी। बाकी जिलों के भी 3300 मीटर और उससे ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ गिरेगी। मैदानी क्षेत्र में इस दिन भी मौसम शुष्क रहेगा।
24 मार्च को मौसम का पूर्वानुमान:
मंगलवार 24 मार्च को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश बादलों की गरजना के साथ होगी। इस दौरान बिजली भी चमकेगी। 3300 मीटर और उससे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरेगी। मैदान में मौसम शुष्क ही रहेगा।
25 और 26 मार्च को मौसम का पूर्वानुमान:
बुधवार 25 मार्च को बारिश और बर्फबारी फिर दायरा बढ़ाएंगे और उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले प्रभावित रहेंगे। गुरुवार 26 मार्च को भी मौसम का यही पैटर्न रहेगा।
देहरादून में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून में आज कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है। हालांकि पूरे दिन मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और ज्यादातर समय सामान्य स्थिति बनी रहेगी।



