सतपुली: उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) का सदस्यता अभियान जनपद पौड़ी गढ़वाल में तेजी पकड़ता जा रहा है। सतपुली स्थित बिलखेत ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती की मौजूदगी में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में विकासखंड कलजीखाल एवं द्वारीखाल क्षेत्र के आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने “जय पहाड़, जय पहाड़ी” के नारों के साथ यूकेडी में अपना विश्वास जताया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने राष्ट्रीय दलों भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को दो बार और भाजपा को तीन बार मौका दिया है, अब समय आ गया है कि एक अवसर क्षेत्रीय दल यूकेडी को भी दिया जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें।

कार्यक्रम में यूकेडी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी संदीप मुंडेपी, केंद्रीय प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी, कर्नल सुनील कोटनाला, लूशुन तोड़ोरिया (मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ अध्यक्ष), केंद्रीय प्रवक्ता (युवा प्रकोष्ठ) अरुण नेगी, जिला अध्यक्ष अर्जुन नेगी, केंद्रीय संगठन मंत्री यश नेगी, यतेंद्र नवानी, गणेश काला, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुश्री संतोष डोभाल, जिला उपाध्यक्ष नीरजा खुगसाल, बलवंत गुसाई, सज्जन सिंह नेगी, जिला उपाध्यक्ष जेपी नैनवाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और पुरुषों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे यूकेडी के प्रति बढ़ते जनसमर्थन के संकेत मिल रहे हैं।

जगमोहन डांगी